पुलिस ने सुरक्षित उतारा
लखनऊ (सरोजनीनगर)। पति और ससुराल पक्ष से परेशान एक 35 वर्षीय महिला शनिवार को एयरपोर्ट परिसर के पास स्थित करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, कानपुर निवासी प्रियंका सिंह ने वर्ष 2019 में सरोजनीनगर निवासी अभिषेक उर्फ बबलू वर्मा से प्रेम विवाह किया था। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे स्वीकार नहीं किया। बाद में पति भी उसे छोड़कर चला गया।
शनिवार को वह अपनी शिकायत लेकर सरोजनीनगर थाने पहुंची थी। आरोप है कि पति के समय पर थाने नहीं पहुंचने से नाराज होकर वह एयरपोर्ट परिसर के पास पानी की टंकी पर चढ़ गई और पुलिस को आत्महत्या की सूचना दी।
फायर कर्मियों ने करीब 70 फीट की ऊंचाई से महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। उसे लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने पति अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।






