मासूम बच्ची से तस्करी कराने का आरोप
इकौना पुलिस की कार्रवाई, वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस; एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
श्रावस्ती। जिले के इकौना थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिचड़ी रोड स्थित एक होटल संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1 किलो 122 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु लोधी के रूप में हुई है, जो चिचड़ी रोड पर होटल का संचालन करता है। पुलिस का दावा है कि आरोपी एक मासूम बच्ची के माध्यम से गांजे की तस्करी करा रहा था।
बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। इसके बाद इकौना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.122 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है और मासूम बच्ची का इस मामले में किस प्रकार उपयोग किया गया।







