बहराइच। जिले में नानपारा हाईवे पर शुक्रवार को एक कार का टायर अचानक फटने से वह अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार सामने से आ रही बाइक से जा टकराई। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई। हादसे में कार चालक समेत बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक, हादसा थाना रामगांव क्षेत्र में नानपारा हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार सड़क पर जा रही थी। इसी दौरान अचानक कार का टायर फट गया। टायर फटते ही चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे। कार की टक्कर लगने के बाद बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं बाइक को टक्कर मारने के बाद कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। हादसे में कार चालक समेत कुल चार लोगों के घायल होने की जानकारी है।
हादसे में जनहानि नहीं
पुलिस के अनुसार, हादसे में किसी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा कार का टायर फटने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






