बाराबंकी। हैदरगढ़-बछरावां मार्ग पर पुलिस चौकी पोखरा क्षेत्र में शनिवार शाम तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा दीवानगंज पुलिया के पास हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। वहीं, घायल महिला को उपचार के लिए रायबरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जनपद अमेठी के इन्हौना थाना क्षेत्र के महमूदपुर मजरे आजादपुर निवासी अमित गुप्ता (19) पुत्र रामबरन गुप्ता शनिवार को मोटरसाइकिल से अपनी बड़ी बहन अर्चना को उसकी ससुराल छोड़ने जा रहा था। अर्चना की ससुराल रायबरेली जिले के पिन्दौली गांव में बताई गई है।
बताया गया कि शाम करीब 5:30 बजे अमित और अर्चना दीवानगंज पुलिया के पास पहुंचे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित बाइक समेत डंपर की चपेट में आ गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अर्चना भी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घायल अर्चना को तत्काल शिवगढ़, रायबरेली स्थित अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही अमित के परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन मौके और अस्पताल पहुंचे। अमित का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल डंपर को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।






