बहराइच। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर एक ऑल्टो कार चालक द्वारा चेक पोस्ट का गेट तोड़कर नेपाल की ओर फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चालक बिना सुरक्षा जांच कराए नेपाल जाने पर अड़ा था। सुरक्षा कर्मियों द्वारा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने गेट तोड़ दिया और वाहन लेकर नेपाल की ओर निकल गया।
जानकारी के अनुसार, रुपईडीहा स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर वाहनों की नियमित सुरक्षा जांच की जाती है। इसी दौरान एक ऑल्टो कार चालक को जांच के लिए रोका गया। आरोप है कि चालक सुरक्षा जांच कराने को तैयार नहीं हुआ और जब सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कार तेज गति से आगे बढ़ा दी। कार को रोकने के लिए एसएसबी (SSB) और एलपीएआई (LPAI) के कर्मियों ने प्रयास किया, लेकिन चालक ने चेक पोस्ट का गेट तोड़ दिया और वाहन लेकर नेपाल की ओर फरार हो गया। घटना के बाद सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद चेक पोस्ट पर तैनात कंसल्टेंट सिक्योरिटी की ओर से रुपईडीहा थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब चेक पोस्ट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। साथ ही घटना के दौरान वाहन किस तरह सुरक्षा घेरे को पार कर नेपाल की ओर गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






