औरैया: सावन माह के दूसरे सोमवार को बीहड़ांचल स्थित ऐतिहासिक देवकली मंदिर पर दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान डीएम बृजेश कुमार व एसपी अभिषेक भारती ने श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। वहीं सुरक्षा को लेकर मंदिर के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी, पुलिस व ड्रोन की पैनी नजर रही।
ऐतिहासिक देवकली मंदिर पर सावन के दूसरे सोमवार पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन करने के लिए जुटी। भोर होते ही मंदिर परिसर में बम भोले के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी। दोपहर होते-होते हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का सैलाब मंदिर परिसर के बाहर दर्शन के लिए लाइन में लगा दिखाई दिया। इस दौरान डीएम बृजेश कुमार, एसपी अभिषेक भारती, एएसपी आलोक मिश्र व एडीएम ने श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। जिससे मनोहारी छटा दिखाई दी। इसके अलावा फायर मशीन से भी श्रद्धालुओं पर जमकर फूलों की वर्षा की गई।
मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस, पीएसपी के अलावा ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी गई। इस दौरान औरैया के अलावा जालौन, कानपुर देहात, कानपुर, लखनऊ, आगरा, कन्नौज व इटावा जिले से भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक किया। इधर सैकड़ों की संख्या में गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर मनौती पूरी की।
श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए परेशानी से बचाने को मंदिर परिसर के बाहर महिला व पुरुषों को अलग-अलग लाइन में खड़ा कराया गया। जिससे बारी-बारी से वह दर्शन कर सकें। वहीं मंदिर के गर्भगृह में भी सुरक्षा को लेकर सिविल ड्रेस में महिला व पुरुष पुलिस कर्मियांे की तैनाती की गई। इस दौरान मंदिर परिसर में लगे विशाल मेले से श्रद्धालुओं ने अपनी दैनिक जरूरतों के सामान की खरीदारी भी की। वहीं सुरक्षा के लिहाज से फायर ब्रिगेड को भी तैनात किया गया।






