बहराइच। महसी इलाके के बाजपेई पुरवा गांव में पिछले कई दिनों से मादा तेंदुए की दहशत के बीच आखिरकार वन विभाग को सफलता मिली। सनातन सिंह फार्म हाउस के आसपास लगातार दस्तक दे रही मादा तेंदुआ वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजड़े में कैद हो गई। तेंदुआ पकड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में घूम रही मादा तेंदुआ अब तक कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुकी थी। इसके चलते बाजपेई पुरवा और आसपास के इलाकों में ग्रामीणों के बीच डर का माहौल बना हुआ था। लोग विशेष सावधानी बरत रहे थे और खेतों व सुनसान इलाकों में जाने से बच रहे थे। तेंदुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से उसे पकड़ने की मांग की थी।
क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद शाकिब के निर्देश पर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया गया था। वन विभाग की निगरानी के बीच मादा तेंदुआ आखिरकार पिंजड़े में फंस गई। वन विभाग के अनुसार पकड़ी गई मादा तेंदुए की उम्र करीब चार साल बताई जा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद इलाके में दहशत का माहौल काफी हद तक खत्म हुआ है।
मादा तेंदुआ पकड़े जाने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लंबे समय से तेंदुए की आवाजाही से परेशान लोगों को अब सुरक्षा का भरोसा मिला है। वन विभाग की टीम आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। मामला बहराइच के महसी क्षेत्र स्थित बाजपेई पुरवा का है।






















