School Bus Accident Auraiya: दिबियापुर नगर में सोमवार को ओवरब्रिज हाईटगेज के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण एक स्कूल बस अचानक अनियंत्रित हो गई और उसने आगे चल रही दो बाइकों और एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में देवकली मंदिर से जल चढ़ाकर लौट रहे दो कांवड़िए समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बस के नीचे जा घुसीं।
अचानक फेल हो गए बस के ब्रेक
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस ओवरब्रिज हाईटगेज के पास पहुंची थी। इसी दौरान अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नियंत्रण में नहीं आ सकी और सामने चल रही दो बाइकों तथा एक कार से जा टकराई। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
देवकली मंदिर से लौट रहे थे कांवड़िए
हादसे में पूराकला, सहायल निवासी नंदराम राजपूत और रवि राजपूत घायल हुए हैं। दोनों कांवड़ लेकर देवकली मंदिर से जल चढ़ाकर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद कांवड़ जत्थे में शामिल साथियों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया। वहीं, एक अन्य घायल को एंबुलेंस की मदद से सौ शैय्या अस्पताल चिचौली में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद लगा जाम
दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े होने से यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह और एसआई अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। पुलिस ने स्कूल बस, कार और दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: विवेक विश्नोई






















