बहराइच: थाना हरदी क्षेत्र के गदामार गांव में मंगलवार को करंट की चपेट में आने से पिता और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसा उस समय हुआ, जब एक युवती पूजा कर रही थी और इसी दौरान पंखे में करंट उतर आया। पंखा छूते ही युवती उसकी चपेट में आ गई। बेटी को करंट से चिपका देख पिता उसे बचाने पहुंचे तो वह भी पंखे से चिपक गए। इसके बाद पीछे से दूसरी बेटी भी उन्हें बचाने पहुंची और वह भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे में पिता समेत दोनों बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तीनों घायलों को तत्काल बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे में घायल लोगों की पहचान हरदी थाना क्षेत्र के गदामार गांव निवासी 45 वर्षीय बहादुर सिंह, 28 वर्षीय पारुल और 22 वर्षीय प्राची के रूप में हुई है। फिलहाल हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















