वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का अंतिम दिन, राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ भी रहे मौजूद
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का अवलोकन किया। गंगा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में आयोजित इस एयर शो में 100 से अधिक विमानों और हेलीकॉप्टरों ने हवाई करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रधानमंत्री ने वायुसेना के शौर्य और विमानों की कलाबाजी को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने इशारे से जय हिंद का अभिवादन भी किया। प्रधानमंत्री के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
एयर शो के दौरान आसमान में भारतीय वायुसेना की क्षमता, तकनीकी दक्षता और हवाई कौशल का प्रदर्शन किया गया। विमानों और हेलीकॉप्टरों के करतब देखने के लिए नमो घाट के अलावा आसपास के घाटों पर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। काशीवासियों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विमानों की कलाबाजी के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर वायुसेना के प्रदर्शन का उत्साह बढ़ाया।
समर्थकों को देखकर पीएम मोदी ने रुकवाई कार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह वाराणसी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन किया। इसके बाद वह नमो घाट पर आयोजित एयर शो देखने के लिए रवाना हुए। पुलिस लाइन से नमो घाट तक उनके स्वागत के लिए 13 स्थान निर्धारित किए गए थे। इन स्थानों पर ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू वादन और पुष्पवर्षा के जरिए स्वागत की तैयारियां की गई थीं।
भदऊचुंगी के पास सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। लोगों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और कार से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए उनका अभिवादन किया। इस दौरान लोगों ने जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया।
150 करोड़ रुपये की औद्योगिक इकाई का उद्घाटन
वाराणसी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने मिर्जामुराद के खोचवां में करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ क्षेत्र में स्थापित अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का उद्घाटन किया। यहां अंडरगारमेंट्स, टी-शर्ट, शॉर्ट्स और लोअर जैसे परिधानों का उत्पादन किया जाएगा। इन उत्पादों को निर्यात करने की भी योजना है।
इस इकाई में स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रस्तावित योजना के अनुसार, यहां करीब 1,000 स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री ने इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं लगभग 300 महिला कर्मचारियों से संवाद करने का कार्यक्रम भी रखा था।
एयर शो के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ जल पुलिस, पीएसी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई थीं। गंगा में निगरानी के साथ घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई।
कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया था। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई और कुछ मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहा। एयर शो के कारण लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक सामान्य विमानों के संचालन पर भी प्रतिबंध निर्धारित किया गया था।
22 और 24 अक्टूबर को हुए प्रदर्शनों के बाद रविवार, 25 अक्टूबर को ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का अंतिम प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस आयोजन ने काशी के घाटों को भारतीय वायुसेना के शौर्य और हवाई कौशल के भव्य प्रदर्शन का साक्षी बनाया।





















