घर की अलमारी से चांदी के कड़े और पांच हजार रुपये चुराने का था आरोप, सात मुकदमे पहले से हैं दर्ज
चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए एक जोड़ी चांदी के कड़े और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दरियापुर गांव निवासी विकास कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन (28) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जलालपुर दरियापुर गांव निवासी जयशंकर यादव ने 28 अक्टूबर को सकलडीहा थाने में तहरीर देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात चोर छत के रास्ते उनके घर में घुसा और अलमारी में रखे एक जोड़ी चांदी के कड़े तथा पांच हजार रुपये नकद चुरा ले गया। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर विकास कुमार की संलिप्तता सामने आने पर रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घरचित नहर मोड़ के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के चांदी के कड़े और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सकलडीहा थाने में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गुंडा निवारण अधिनियम समेत पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रसाद रावत, विजयशंकर चौहान तथा कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती और प्रश्विन कुमार दूबे शामिल रहे।





















