बहराइच में गणेश पूजा और आगामी प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार रात जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। घण्टाघर चौराहे से शुरू हुआ यह भ्रमण विभिन्न गणेश पूजा पंडालों तक पहुंचा, जहां अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त के दौरान डीएम और एसपी ने नगर के प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ की स्थिति, आवागमन और सुरक्षा इंतजामों को देखा। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न हो और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पूजा समिति के पदाधिकारियों तथा श्रद्धालुओं से भी बातचीत की। जनसंवाद के दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और संभावित समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने समिति के लोगों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा समेत पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सजगता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। प्रशासन का फोकस गणेश विसर्जन के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और शांति बनाए रखने पर रहेगा।





















