श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के सिसवारा गांव में शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक तहसील दिवस से संबंधित आदेश के क्रम में नायब तहसीलदार आयुष के साथ राजस्व और पुलिस की टीम गांव पहुंची थी। मौके पर कुछ लोगों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच महिलाओं और एक पुरुष को सरकारी वाहन से थाने ले जा रही थी।
पुलिस के अनुसार वाहन के चलने के बाद कमलेश पुत्र बृजलाल निवासी मदारपुरवा, पुरुषोत्तमपुर ने वाहन का गेट खोल दिया और चलती गाड़ी से कूदने का प्रयास किया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह का बयान भी सामने आया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।





















