बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक चोर गैंग के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार रंजीतबोझा के जंगल में कुछ संदिग्ध लोगों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार तीन संदिग्ध नजर आए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस का कहना है कि जवाबी कार्रवाई में गैंग के एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान रुपईडीहा क्षेत्र के सहजना निवासी अब्दुल सलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मौके का फायदा उठाकर गैंग के दो अन्य सदस्य फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइकों को नेपाल ले जाने की फिराक में थे और जंगल में बैठकर इसकी योजना बना रहे थे। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटना स्थल की जांच शुरू कर दी है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि गिरोह ने अब तक कितनी बाइक चोरी की हैं और चोरी के वाहनों को नेपाल तक पहुंचाने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामला रुपईडीहा थाना क्षेत्र का है, जहां भारत-नेपाल सीमा होने के कारण वाहन चोरी और तस्करी से जुड़े मामलों पर पुलिस की विशेष नजर रहती है। बहराइच पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और बरामदगी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





















