सुल्तानपुर के हलियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 87.100 के पास करीब सुबह चार बजे तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अंबेडकरनगर निवासी 25 वर्षीय अंसार की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में अंबेडकरनगर के सात लोग सवार थे और सभी लखनऊ से अपने गांव लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 100 शैय्या अस्पताल कुमारगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने अंसार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश सिंह, रोहित, राकेश और चालक सौरभ मोहन को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया, जबकि मनीष यादव और अर्पित विश्वकर्मा का इलाज कुमारगंज अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में बोलेरो के डिवाइडर से टकराने या किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने मृतक अंसार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बोलेरो के पलटने से दुर्घटना हुई है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और कारणों की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है।





















