सुल्तानपुर के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में बुधवार शाम एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। करीब छह बजे हुई वारदात में 28 वर्षीय राजन पुत्र रामस्वारथ को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया।
घायल राजन के मुताबिक वह अलीपुर बाजार स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उस पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। राजन ने गांव के ही कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है और कहा कि वह हमलावरों को पहचानता है। घायल के अनुसार हमले के पीछे आगामी ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर विवाद की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने वारदात की परिस्थितियों और हमले में शामिल बताए जा रहे युवकों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमले के कारणों के साथ आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। ग्राम पंचायत चुनाव से जुड़े विवाद के आरोप की भी जांच की जा रही है।




















