नई दिल्ली: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहकों के लिए जरूरी सूचना सामने आई है। बैंक की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, रविवार को सभी शाखाएं खुली रहेंगी। वहीं, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिनों की हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। ऐसे में बैंक ग्राहकों को अपने जरूरी लेनदेन समय रहते पूरा करने की सलाह दी गई है।
बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल की संभावित तारीखों से पहले ही जरूरी बैंकिंग लेनदेन निपटा लें। इसके साथ ही नकदी की जरूरतों को पूरा करने के लिए एटीएम और एडीडब्ल्यूएम का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ग्राहकों से कहा गया है कि वे बैंकिंग सेवाओं को लेकर पहले से तैयारी रखें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
SBI ने ग्राहकों को बैंकिंग जरूरतों के लिए डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है। इनमें इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल चैनल शामिल हैं। इसके अलावा ग्राहक सेवा केंद्रों के जरिए भी बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लिया जा सकता है।
बैंक की ओर से कहा गया है कि हड़ताल की अवधि के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का भरसक प्रयास किया जाएगा। हालांकि, संभावित हड़ताल के चलते सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। बैंक ने ग्राहकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए उनके सहयोग की अपील की है।





















