बहराइच। जिले में आंधी-तूफान का कहर लगातार जारी है। तेज हवाओं के चलते कोतवाली देहात क्षेत्र में केडिया अस्पताल के पास एक पेड़ बिजली के पोल और ट्रांसफॉर्मर पर गिर गया। हादसे में लोहे का बिजली पोल टूट गया, जबकि ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त होकर कई टुकड़ों में बिखर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पेड़ गिरने से बिजली के पोल, ट्रांसफॉर्मर और पेड़ का मलबा सड़क पर फैल गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सड़क पर रास्ता बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तेज आंधी-तूफान के कारण हुए इस हादसे से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है। सड़क पर पेड़ और बिजली के उपकरण गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों के लिए घटनास्थल से गुजरना मुश्किल हो गया।
जिले में लगातार खराब मौसम के बीच इस तरह की घटनाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से सड़क से मलबा हटाने और यातायात बहाल करने की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव




















