सुल्तानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में राजन गौतम को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरावां निवासी शिवम राजभर के रूप में की है। उसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को राजन गौतम को अवैध असलहे से गोली मारी गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।
गोली लगने के बाद राजन गौतम को पहले सीएचसी अखंडनगर और फिर जिला अस्पताल सुलतानपुर ले जाया गया। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया था। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि घायल राजन गौतम की हालत अब सामान्य है। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर चंदन राजभर, शुभम शुक्ला उर्फ अनुराग शुक्ला और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शिवम राजभर को ग्राम उमरी स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान ग्राम प्रधानी के आगामी चुनाव को लेकर राजन गौतम और शुभम शुक्ला के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
मामले में पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधीक्षक ने वांछित दो अन्य आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। गिरफ्तार शिवम राजभर को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।




















