अयोध्या। रामनगरी में पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाने और अवैध वसूली करने वाले एक फर्जी पुलिसकर्मी को कोतवाली अयोध्या पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में पुलिस आरक्षी की वर्दी पहनकर घूमता था। वह दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों को जांच के नाम पर डराकर रुपये वसूलता था। पुलिस ने उसके कब्जे से नकदी, फर्जी पहचान पत्र और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यम मिश्रा (26) के रूप में हुई है। वह बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर रौब जमाता था। इसी तरह उसने एक व्यक्ति को पुलिसकर्मी होने का झांसा देकर उसका मोबाइल फोन भी ले लिया था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली अयोध्या पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की। 27 सितंबर को बड़ी छावनी मोड़, परिक्रमा मार्ग के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी की पूरी वर्दी, फर्जी पुलिस पहचान पत्र और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा अलग-अलग लोगों से अवैध रूप से वसूले गए 7,500 रुपये भी मिले।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पुलिस विभाग का कर्मचारी नहीं है। उसके खिलाफ कोतवाली अयोध्या में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है।





















