एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाने के बाद चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उतरीं
लखनऊ। नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार सुबह खराब मौसम का असर विमान सेवाओं पर देखने को मिला। काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मौसम और परिचालन परिस्थितियों के कारण दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद दोनों विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डायवर्ट किया गया।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, दोनों विमान सुबह के समय लखनऊ पहुंचे और यहां सुरक्षित लैंडिंग की। इनमें कुवैत से काठमांडू जा रही जजीरा एयरवेज की उड़ान जे92539 और दिल्ली से काठमांडू जा रही एयर इंडिया की उड़ान एआई215 शामिल थीं।
कुवैत से काठमांडू जा रही उड़ान लखनऊ डायवर्ट
जजीरा एयरवेज की उड़ान जे92539 कुवैत से रात करीब 10:15 बजे रवाना हुई थी। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे विमान काठमांडू पहुंचा, लेकिन खराब मौसम के कारण उसे त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी।
लैंडिंग की अनुमति का इंतजार करते हुए विमान कुछ समय तक काठमांडू एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाता रहा। परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने पर विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया। सूत्रों के अनुसार, विमान ने सुबह 6:27 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। करीब दो घंटे बाद सुबह 8:33 बजे इसे दोबारा रवाना कर दिया गया।
एयर इंडिया की उड़ान भी लखनऊ पहुंची
इसी तरह दिल्ली से तड़के काठमांडू के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की उड़ान एआई215 भी मौसम और परिचालन परिस्थितियों के कारण त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लैंड नहीं कर सकी।
एटीसी से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद विमान ने कुछ देर काठमांडू एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाया। इसके बाद इसे भी लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान ने सुबह करीब 7:50 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।
खराब मौसम के कारण दोनों उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट किए जाने से यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार दोनों विमानों ने लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।





















