श्रावस्ती। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश चन्द, जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सोमवार को जिला कारागार श्रावस्ती का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल में बंद बंदियों को सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और उनसे मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बंदियों को सभी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की रसोई, खाद्यान्न स्टोर, महिला बैरक, पुरुष बैरक, किशोर बैरक और अस्पताल का जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उन्हें दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जेल में सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को व्यवस्थाओं में सुधार और बंदियों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस मौके पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनीत यादव, जेल अधीक्षक, डिप्टी जेलर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





















