मुगलसराय पुलिस ने पड़ाव स्थित तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास की कार्रवाई, इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर मिला करीब 12 ग्राम मादक पदार्थ
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने एक युवक को 16 पुड़िया हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 12 ग्राम हेरोइन के अलावा बिक्री के 980 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात पुलिस टीम पड़ाव चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जलीलपुर स्थित तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास एक युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर राहगीरों को हेरोइन बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से कागज की 16 पुड़िया में हेरोइन बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पुड़िया सहित उसका कुल वजन करीब 12 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान करन चौहान (20) पुत्र कन्हैया चौहान, निवासी मढ़िया नई बस्ती, थाना मुगलसराय के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल की जांच की तो उसका पंजीकरण नंबर यूपी 65 जीएफ 2498 पाया गया।
इस मामले में मुगलसराय थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है।





















