डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने स्वास्थ्यकर्मियों को दी बधाई
श्रावस्ती। कुपोषित बच्चों के प्रबंधन और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण तथा स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए संचालित संभव अभियान में श्रावस्ती ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने रविवार को यह जानकारी देते हुए अभियान से जुड़े सभी विभागों और कर्मचारियों को बधाई दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से कन्वर्जेंस विभागों के सहयोग से प्रत्येक वर्ष जून से सितंबर तक संभव अभियान संचालित किया जाता है। इसके तहत कुपोषित बच्चों के प्रबंधन के साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाता है। अभियान के दौरान किए गए कार्यों के आधार पर राज्य स्तर से सभी जिलों की रैंकिंग निर्धारित की जाती है। वर्ष 2026 में संचालित अभियान की रैंकिंग में श्रावस्ती को प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग और अभियान में सहयोग करने वाले अन्य विभागों को बधाई दी। उन्होंने एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिली है।
जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान यूनिसेफ, एम्स और प्रोग्रेसिव फाउंडेशन की टीमों की ओर से दिए गए तकनीकी सहयोग और नियमित अनुश्रवण की भी सराहना की।





















