प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश राम बाबू यादव और एसपी आकाश पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन, विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में रविवार को बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का शुभारंभ हुआ। प्रभारी जनपद एवं सत्र न्यायाधीश राम बाबू यादव और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा समेत न्यायिक अधिकारियों और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी रही।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। इसके लिए विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों को संबंधित योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी पहल की जा रही है।
शिविर के माध्यम से लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, न्यायिक व्यवस्था और विभिन्न कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्याय पाने में कठिनाई महसूस करने वाले लोगों की मदद करना और उन्हें कानूनी सहायता व्यवस्था से जोड़ना है।
इस पहल को न्याय तक आमजन की पहुंच आसान बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।




















