दुकानदार गिरफ्तार
25 पाउच देशी शराब और आठ केन बीयर बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
चंदौली। थाना चंदौली पुलिस ने नवही क्षेत्र में किराने की दुकान पर अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान की तलाशी के दौरान 25 पाउच देशी शराब और आठ केन बीयर बरामद की हैं। आरोप है कि युवक सरकारी शराब की दुकान बंद होने के बाद किराने की दुकान से ऊंचे दामों पर शराब बेच रहा था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रात 10 बजे के बाद नवही स्थित देशी शराब के ठेके के बगल में एक किराने की दुकान पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दुकान पर मौजूद युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मझवार निवासी पुनित सिंह (32) पुत्र सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के नीचे रखे कार्टून से ब्लू लाइम मसाला देशी शराब के 25 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच 200 मिलीलीटर का था। इसके अलावा फ्रीजर से हायवर्ड्स 5000 बीयर की आठ केन मिलीं, जिनमें प्रत्येक की मात्रा 500 मिलीलीटर थी।
पुलिस ने बरामद शराब और बीयर को कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 530/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य, मारकण्डेय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















