तीन बाल अपचारी भी पकड़े गए
फत्तेपुर खुर्द गांव में डीह बाबा स्थल के पास चोरी करते समय पुलिस ने दबोचा, तार के साथ प्लास और आरी का ब्लेड बरामद
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र में बिजली का तार चोरी कर रहे दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, मौके से तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का विद्युत तार और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की रात थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फत्तेपुर खुर्द गांव स्थित डीह बाबा स्थल के पास कुछ लोग विद्युत तार चोरी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तीन बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में ले लिया।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान फत्तेपुर खुर्द निवासी अनन्त कुमार (19) पुत्र रामसकल और अनिकेत (18) पुत्र छांगूर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का विद्युत तार, एक प्लास और आरी का एक ब्लेड बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में शहाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक चंद्रभान, कांस्टेबल आशुतोष यादव, संदीप जायसवाल, अनुज पांडेय और संदीप वर्मा शामिल रहे।





















