17 से 26 नवंबर तक होगा आयोजन, 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान; 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला, गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का मिनी कुंभ कहलाने वाला यह मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और स्वच्छता के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मेरठ, बरेली, अमरोहा, हापुड़ और मुरादाबाद के मंडल एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। 17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को होगा।
मुख्यमंत्री ने घाटों पर पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने, सफाईकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का प्रभावी पालन कराने के भी निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में उन्होंने सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। मेले में सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर, अग्निशमन व्यवस्था, कंट्रोल रूम, पार्किंग और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने फायर टेंडर और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने तथा अवांछनीय तत्वों और वन्यजीवों को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने को भी कहा।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने मेले में आयोजित होने वाले खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को पर्याप्त अवसर देने के निर्देश दिए। मेले के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही लेजर और ड्रोन शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
उन्होंने बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराने और विजेताओं को सम्मानित करने को कहा। मेले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने तथा सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।





















