हथियार भी गायब; सेना-पुलिस ने चलाया था तलाशी अभियान
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दुर्गम दच्छन इलाके में लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दोनों के शव गोलियों से छलनी मिले हैं। उनके पास मौजूद हथियार भी घटनास्थल से गायब हैं। अधिकारियों के अनुसार, दोनों एसपीओ बुधवार को अपने कैंप से सेना की चौकी के लिए निकले थे, लेकिन निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे थे। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी।
मृतकों की पहचान बाबी चंद और रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे। वे किश्तवाड़ के कियार गांव स्थित कैंप से धरना-मरवाह में सेना की चौकी के लिए रवाना हुए थे। काफी समय तक उनके वहां नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान दोनों के मोबाइल फोन भी बंद मिले।
स्थानीय लोगों ने इलाके में गोलीबारी की आवाज सुनी थी। इसके बाद पुलिस और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों के साथ ही दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों और घने जंगलों में भी तलाशी ली। इसी अभियान के दौरान दोनों एसपीओ के शव बरामद किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, दोनों जवानों के हथियार भी नहीं मिले हैं। ऐसे में उनके लापता होने और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस वारदात को किसने और किस मकसद से अंजाम दिया। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में आतंकियों की मौजूदगी और घटना से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं।
किश्तवाड़ में आतंकी गतिविधियों पर सुरक्षा बलों की नजर
किश्तवाड़ के दुर्गम और जंगलों से घिरे इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बनी हुई है। यहां आतंकियों की तलाश में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक आतंकी घटनाओं में चार आतंकी और सेना का एक जवान मारा गया है। वर्ष 2025 में तीन आतंकी और एक जवान की मौत हुई थी। वहीं, वर्ष 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों की जान गई थी। दो एसपीओ की हत्या की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।




















