जनसुनवाई से अनुपस्थित रहने, गश्त और शांति व्यवस्था ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप, विभागीय जांच के आदेश
चंदौली। पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इसी क्रम में धानापुर थाने पर तैनात अतिरिक्त निरीक्षक ना0पु0 सलील स्वरूप आदर्श को कर्तव्यों के प्रति उदासीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त निरीक्षक पर सरकारी कार्यों में रुचि नहीं लेने, थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में जनसुनवाई के लिए उपस्थित नहीं रहने, शांति व्यवस्था ड्यूटी और सायंकालीन गश्त में भाग नहीं लेने सहित अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा की ओर से चार नवंबर को आख्या प्रस्तुत की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की।
एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता के मामलों में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।





















