अखंडनगर, सुल्तानपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, कलान की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में क्षेत्र के हजारों लोगों ने हिस्सा लिया और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे रास्ते ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से माहौल गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत सुबह करीब 9:30 बजे कलान से हुई। इसके बाद यात्रा बीबीगंज बाजार, देवनगर, आजाद नगर और अखंडनगर होते हुए अखंडनगर ब्लॉक तक पहुंची। आयोजकों के अनुसार करीब 15 से 20 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह यात्रा लगभग चार घंटे तक चली और दोपहर करीब 1:30 बजे इसका समापन हुआ।
यात्रा में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे बसों में सवार होकर लगातार भारत माता की जय के नारे लगाते रहे, जबकि सड़क के किनारे भी बड़ी संख्या में लोग यात्रा को देखने और तिरंगे के साथ जुड़ने के लिए मौजूद रहे। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया और लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराया।
तिरंगा यात्रा में डॉ. वेद प्रकाश सिंह ‘राजू भैया’ आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। यात्रा के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। श्री विश्वनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से आयोजित इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और लोगों का उत्साह पूरे कार्यक्रम की खास तस्वीर बनकर सामने आया।






















