अयोध्या। रामनगरी में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को समझने के लिए उत्तराखंड के अल्मोड़ा नगर निगम का 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को अयोध्या पहुंचा। अयोध्या धाम जोनल कार्यालय में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें भगवान श्रीराम की प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंट किए गए। स्वागत कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव और सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा के नेतृत्व में आए इस दल में पार्षद धीरज पांडेय, राकेश पंत और प्रभारी सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल सहित नगर पालिका के अधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या नगर निगम की ओर से संचालित विकास कार्यों, स्वच्छता अभियान और कचरा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने शहर में साफ-सफाई और कचरे के निस्तारण के लिए अपनाई जा रही कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल ने मऊशिवाला और काशीराम कॉलोनी स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का भ्रमण किया। यहां दल ने कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि अयोध्या में कचरा प्रबंधन को लेकर किस तरह की व्यवस्थाएं लागू की गई हैं और उनका संचालन कैसे किया जाता है।
निरीक्षण के दौरान अल्मोड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके साथ ही दल ने श्रीराम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। प्रतिनिधिमंडल वैक्स म्यूजियम भी पहुंचा, जहां मोम से निर्मित रामगाथा से जुड़ी प्रतिमाओं का अवलोकन किया। इस दौरे का उद्देश्य अयोध्या में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन कर स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के अनुभवों को साझा करना रहा।





















