11 नवंबर से सप्ताह में तीन दिन होगा परिचालन, डीडीयू जंक्शन पर भी होगा ठहराव
हाजीपुर/पीडीडीयू नगर। छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राजेंद्रनगर और नई दिल्ली के बीच एक जोड़ी पूर्णतः वातानुकूलित पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 02309/02310 के परिचालन से बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। इस ट्रेन का ठहराव पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर भी निर्धारित किया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 02309 राजेंद्रनगर-नई दिल्ली एसी पूजा स्पेशल 11 से 20 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को राजेंद्रनगर से रात 20:10 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 20:23 बजे पटना, 20:45 बजे दानापुर, 21:15 बजे आरा, 22:00 बजे बक्सर और रात 23:30 बजे डीडीयू पहुंचेगी। यहां से आगे रवाना होकर अगले दिन सुबह 03:45 बजे प्रयागराज और 06:45 बजे गोविंदपुरी (कानपुर) होते हुए दोपहर 15:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 02310 नई दिल्ली-राजेंद्रनगर एसी पूजा स्पेशल 12 से 21 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को नई दिल्ली से शाम 19:00 बजे रवाना होगी। अगले दिन 01:55 बजे गोविंदपुरी, 05:00 बजे प्रयागराज और 10:10 बजे डीडीयू पहुंचेगी। इसके बाद बक्सर, आरा, दानापुर और पटना में ठहराव करते हुए दोपहर 14:00 बजे राजेंद्रनगर पहुंचेगी।
रेलवे के इस निर्णय से छठ पर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। खासकर डीडीयू जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों को दिल्ली और बिहार के बीच आवागमन के लिए एक और विकल्प उपलब्ध होगा।





















