औरैया: अछल्दा थाना क्षेत्र के नगला धुंधे गांव के सामने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़े एक डंपर में पीछे से आ रहा दूसरा डंपर जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद एक डंपर में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह आग का गोला बन गया।
डंपर में आग लगते ही चालक ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, हादसे में वह घायल हो गया। घायल चालक की पहचान अमेठी निवासी जमीर पुत्र समीर अहमद के रूप में हुई है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। उसे पुलिस ने इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद डंपर से उठता धुआं देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और अछल्दा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद डंपर में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था।
हादसे के कारण बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। यूपीडा कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को सड़क से हटाकर किनारे खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारु कराया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






