औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रूरुखुर्द गांव के मजरा भूठा में बुधवार रात एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की छत के जाल से लटका मिला। मृतका की पहचान पूनम देवी (27) पत्नी रवि सविता उर्फ योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि पूनम और उसके पति के बीच पिछले दो दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने खाना खाया और फिर सोने चले गए। देर रात पति की नींद खुली तो पूनम कमरे में नहीं मिली। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। घर के अंदर छत के जाल में पूनम का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने आनन-फानन में शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
मृतका के चाचा सुशील कुमार ने गुरुवार सुबह डायल 112 पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, विवाहिता की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पूनम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक वर्षीय बेटी निधि और चार वर्षीय बेटा प्रिंस शामिल हैं। पूनम की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। अचानक हुई इस घटना से बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















