अयोध्या। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में 19 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने एक ही दिन सभी केंद्रों का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में चौतरफा विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में चल रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से इन्हें जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में फिर से सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया।
विधायक ने बताया कि एक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण पर करीब आठ लाख रुपये की लागत आई है। इस तरह 19 केंद्रों के निर्माण से क्षेत्र में आंगनबाड़ी सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण के साथ जरूरतमंद लोगों को इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और वह विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





















