अयोध्या के छावनी क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कोबरा आर्मी प्री स्कूल के पीछे स्थित जंगल में तेंदुआ कई बार दिखाई देने की बात सामने आई है। तेंदुए की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग भी अलर्ट हो गया है और उसकी आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की ओर से लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
तेंदुए की निगरानी के लिए वन विभाग ने ट्रैप कैमरों की लोकेशन बदलकर निगरानी का दायरा बढ़ाया है। जंगल में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा भी लगाया गया है। इसके अलावा उसके पदचिह्नों के आधार पर मूवमेंट का पता लगाया जा रहा है। वन विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर निगरानी कर रही हैं, ताकि तेंदुए की दिशा और गतिविधियों को समझकर उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके।
जानकारी के मुताबिक गुप्तारघाट के निर्मली कुंड से लेकर सरयू निवास तक तेंदुए की आवाजाही देखे जाने की बात कही गई है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ तीन से चार छोटे जंगलों को पार करते हुए उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। शाम करीब छह बजे से रात साढ़े आठ बजे के बीच लगभग दो किलोमीटर के दायरे में उसके दिखाई देने की सूचना मिली है। इससे इस इलाके के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग की दो टीमें लगातार इलाके में डेरा डालकर निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि शाम के समय अकेले बाहर निकलने से बचें और सुनसान या जंगल वाले इलाकों की ओर जाने में विशेष सावधानी बरतें। वन विभाग का प्रयास है कि तेंदुए के मूवमेंट पर नजर रखते हुए उसे जल्द सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके, ताकि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।




















