अयोध्या। दर्शन नगर स्थित मेडिकल कॉलेज के सामने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे कथित अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से शिकायत की है। व्यापारियों ने इस संबंध में उन्हें पत्र सौंपकर निर्माण की जांच कराने और जल्द कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य के कारण मुख्य मार्ग और सर्विस लेन के नीचे का रास्ता संकरा हो गया है। इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी दिक्कत हो रही है। व्यापारियों ने जल निकासी और वेंटिलेशन की समस्या भी उठाई है। उनका कहना है कि निर्माण के चलते नालियां अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है।
व्यापारियों ने बताया कि वे पहले भी स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन उनके मुताबिक अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की और मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि तथ्यों की जांच के बाद उचित समाधान कराया जाएगा, ताकि स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी न हो।
इस दौरान महानगर उपाध्यक्ष हरभजन गौड़ सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। ज्ञापन देने वालों में विनय तिवारी, ज्ञानेन्द्र तिवारी बाबा, रोहित बिजलानी, विशाल यादव, संजीत सोनी, अभिषेक तिवारी, रवि तिवारी, आलोक निषाद, हरिओम गौड़, अभय सेन, अनुराग पाठक, दिव्य कुमार, विपिन मिश्रा, सत्यम गुप्ता, राहुल गुप्ता, तनवीर, रजनीश मिश्रा और हर्ष श्रीवास्तव समेत अन्य व्यापारी शामिल रहे।





















