अयोध्या। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की कार्रवाई से प्रभावित नाका क्षेत्र के परिवारों को राहत मिली है। मुआवजे और पुनर्वास को लेकर प्रशासन और प्रभावितों के बीच सहमति बन गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि 11 भवन स्वामियों को कुल 2 करोड़ 26 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। इसमें भवन स्वामियों के साथ प्रभावित किराएदारों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा पांच व्यापारियों को नगर निगम या अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से निर्मित दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वे दोबारा अपना कारोबार शुरू कर सकें।
दरअसल, 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए नाका क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों ने मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई थी। इसके बाद विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जिलाधिकारी समेत प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकालने की पहल की। अब मुआवजे को लेकर सहमति बनने के बाद प्रभावित परिवारों को राहत मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के साथ लगातार बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि जिन भवन स्वामियों और किराएदारों को नुकसान हुआ है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत मुआवजा दिया जा रहा है। पांच व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी है। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और आवास की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने जीवन-यापन को फिर से व्यवस्थित कर सकें।
विधायक ने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत दिलाना प्राथमिकता है। इस दौरान एडीएम सिटी समेत प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रेसवार्ता में प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। मुआवजे और दुकानों की व्यवस्था से प्रभावित व्यापारियों को अपना काम दोबारा शुरू करने में मदद मिलने की उम्मीद है।





















