अयोध्या शहर के अति व्यस्त इलाके में मंगलवार दोपहर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़े की दुकान के बाहर लगे एसी के आउटडोर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में हलचल मच गई। गनीमत रही कि एसी का आउटडोर दुकान के बाहर लगा था, जिससे आग की चपेट में दुकान का सामान नहीं आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उसे बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान बाजार में कुछ समय के लिए लोगों की आवाजाही और दुकानदारों के कामकाज पर भी असर पड़ा। हालांकि समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
यह मामला कोतवाली नगर क्षेत्र की बजाजा स्थित राजरानी कपड़े की दुकान का बताया जा रहा है। दुकान के बाहर लगे एसी के आउटडोर में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल घटना में किसी तरह के बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
व्यस्त बाजार में हुई इस घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में भी सतर्कता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली के उपकरणों और वायरिंग की समय-समय पर जांच जरूरी है, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से समय रहते बचा जा सके।





















