अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनप्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अयोध्या में चित्रकला प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं और रचनात्मकता के रंगों से देश के विकास और सेवा की भावना को कागज पर उकेरा। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर चित्रकला समेत अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
नगर क्षेत्र के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय अंगूरीबाग और ब्लॉक मुख्यालय पूरा बाजार में कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंगूरीबाग में आयोजित कार्यक्रम में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव शामिल हुए। वहीं, पूरा बाजार में महानगर महामंत्री परमानंद मिश्र ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा के 25 वर्ष और विकसित भारत-2047 के संकल्प को अपने चित्रों में दर्शाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री के हस्ताक्षरयुक्त प्रशस्ति पत्र देने की व्यवस्था भी की गई है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि चित्रकला बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और देश व समाज के प्रति अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान हेमंत जायसवाल, गरिमा मौर्या समेत पार्टी पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे।





















