अयोध्या। प्रधानमंत्री के जनप्रतिनिधि के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अयोध्या के विद्याकुंड स्थित श्री परमहंस शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय में विकसित भारत 2047 विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचार साझा किए।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने शिक्षा, युवा शक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और उनके दायित्वों पर भी प्रकाश डाला। वक्ताओं ने अपने भाषणों के माध्यम से देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
प्रतियोगिता में प्रवीण कुमार मिश्रा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आदित्य पांडेय और खुशी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय परिवार की ओर से विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि विकसित भारत 2047 देश के भविष्य से जुड़ा व्यापक लक्ष्य है, जिसे हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, प्रतिभा, नवाचार और सामाजिक सहभागिता के जरिए युवा राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। महाविद्यालय के शिक्षकों ने भी कहा कि विकसित भारत का संकल्प प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही साकार हो सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।





















