Pre National Shooting Competition: निशानेबाजी के क्षेत्र में अयोध्या के युवा खिलाड़ी यश पाठक ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर एक और उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन प्रतिष्ठित प्री-नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता इंडिया ओपन के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 28 सितंबर तक पश्चिम बंगाल के आसनसोल में किया जाएगा। इंडिया ओपन में देशभर के प्रतिभाशाली निशानेबाज हिस्सा लेंगे। यश पाठक भी प्रतियोगिता में अयोध्या का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी कोशिश बेहतर प्रदर्शन और शानदार स्कोर के साथ नेशनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने की होगी।
नियमित अभ्यास से हासिल किया मुकाम
यश पाठक लंबे समय से अयोध्या शूटिंग रेंज में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। निरंतर मेहनत, अनुशासन और निशानेबाजी के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए उनका चयन अयोध्या में निशानेबाजी के बढ़ते स्तर और युवाओं की खेलों के प्रति रुचि को भी दर्शाता है।
चयन से परिवार और प्रशिक्षकों में खुशी
यश के इंडिया ओपन के लिए चयन की जानकारी मिलते ही अयोध्या शूटिंग रेंज के प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और परिजनों में खुशी का माहौल है। सभी ने उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने पर नजर
अब यश पाठक का पूरा ध्यान आसनसोल में होने वाली प्रतियोगिता पर है। वह बेहतर स्कोर के साथ नेशनल स्तर के लिए अपनी जगह पक्की करने की कोशिश करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से अयोध्या के खेल जगत में भी उत्साह है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि यश आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर अयोध्या का नाम रोशन करेंगे।






