सावन के दूसरे सोमवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे तीन दोस्तों की बाइक रविवार रात फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल को जिला अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस पहुंचने में कथित देरी को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।
एक ही बाइक से महादेवा जा रहे थे तीनों दोस्त
फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) रविवार रात एक ही बाइक से लोधेश्वर महादेवा मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए निकले थे। बताया गया कि दादनपुर गांव के पास उनकी बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में भी श्रद्धालु सवार थे और वे महादेवा मंदिर जा रहे थे।
टक्कर में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे राहगीरों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद शक्तिमान की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एंबुलेंस में देरी का आरोप, रास्ते में युवक ने तोड़ा दम
परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस दौरान शक्तिमान की हालत लगातार बिगड़ती रही। स्थिति गंभीर होने पर कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने उसे सरकारी वाहन से जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे में शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी की भी जान चली गई। वहीं तीसरे घायल सचिन जोशी का उपचार चल रहा है।
एंबुलेंस में देरी पर अस्पताल में हंगामा
घायल को जिला अस्पताल ले जाने में एंबुलेंस की कथित देरी से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।





