प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी में सोमवार को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान 119 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। चिकित्सक डॉ. कुसुम ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें जरूरी परामर्श दिया और आवश्यकता के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की नौ तारीख को गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाती है। इसी क्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी बरहनी डॉ. शैलेंद्र कुमार की देखरेख में पीएचसी में शिविर लगाया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के रक्त, वजन, हीमोग्लोबिन समेत अन्य आवश्यक जांच की गई।
छह महिलाएं हाई रिस्क श्रेणी में मिलीं
स्वास्थ्य जांच के दौरान छह गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क श्रेणी में चिन्हित किया गया। चिकित्सक डॉ. कुसुम ने इन महिलाओं को बेहतर खानपान और विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही उन्हें आगे की जांच के लिए जिला अस्पताल जाने का सुझाव दिया गया।
डॉक्टर ने गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान मां और बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
जांच के बाद जरूरत के अनुसार महिलाओं को संबंधित दवाएं वितरित की गईं। शिविर में आनंद शाक्य, सुदामा, मृदुल, तेज प्रताप भारती, ओमप्रकाश चौधरी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।






