बाराबंकी: रामसनेहीघाट नगर पंचायत क्षेत्र का भिटरिया चौराहा इन दिनों यातायात अव्यवस्था की समस्या से जूझ रहा है। चौराहे पर ई-रिक्शा और टैक्सियों का जमावड़ा लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। स्थिति यह है कि मवई-भेलसर, दरियाबाद, टिकैतनगर, जिला मुख्यालय बाराबंकी और हैदरगढ़ मार्ग की ओर जाने वाले सवारी वाहन मुख्य चौराहे के पास छोटी हनुमानगढ़ी क्षेत्र में ही खड़े रहते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क किनारे कतार में खड़े ई-रिक्शा और टैक्सियों के कारण चौराहे पर निकलने के लिए जगह कम होती जा रही है। राहगीरों और वाहन चालकों को आए दिन जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में सड़क पर पानी और कीचड़ के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है।
स्कूल छुट्टी के समय बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूलों की छुट्टी के समय भिटरिया चौराहे पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता है। एक ओर स्कूली बच्चे और पैदल राहगीर निकलते हैं, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन और सवारी वाहन पहुंच जाते हैं। ऐसे में चौराहे से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इस क्षेत्र में बच्चों से जुड़ी दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती रही हैं, इसलिए यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
पुलिस बूथ और तैनाती के बावजूद व्यवस्था पर सवाल
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भिटरिया चौराहे पर पुलिस बूथ बनाया गया है। बताया जाता है कि यहां नियमित रूप से पुलिसकर्मी या होमगार्ड की ड्यूटी भी रहती है। इसके बावजूद मुख्य चौराहे पर ही सवारी वाहनों का जमावड़ा बना रहना व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की मौजूदगी के बाद भी वाहन चालक मनमाने तरीके से सड़क पर वाहन खड़े कर रहे हैं तो प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।
निर्धारित स्थान पर बने वाहन स्टैंड की मांग
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि भिटरिया चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और ई-रिक्शा व टैक्सियों के लिए एक निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था की जाए। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। लोगों ने यह भी मांग की है कि स्कूल छुट्टी के समय विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए और पुलिसकर्मियों की निगरानी में वाहनों का संचालन कराया जाए, जिससे बच्चों और राहगीरों को परेशानी न हो।
प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद
वर्तमान में उपजिलाधिकारी बृजेंद्र उपाध्याय, पुलिस उपाधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय, तहसीलदार उमेश द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी जैसे अधिकारियों की मौजूदगी में स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। जनता का सवाल है कि जब चौराहे पर पुलिस की तैनाती है तो फिर मुख्य मार्ग पर इस तरह वाहनों का जमावड़ा क्यों बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर यातायात बाधित करने वाले वाहनों को व्यवस्थित कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
भिटरिया चौराहे की मौजूदा तस्वीर खुद वहां की यातायात व्यवस्था की स्थिति बयां कर रही है। समय रहते ठोस कदम उठाए गए तो किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सकता है।
रिपोर्ट: ठाकुर पुष्पेंद्र सिंह






