अलीगंज, एटा। अलीगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम फर्दपुरा में नाली के पानी के निकास को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना में दो किशोरियां घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, फर्दपुरा गांव में नाली के पानी के निकास को लेकर विवाद हुआ था। प्रथम पक्ष का आरोप है कि गांव के ही चिंटू पुत्र मंजू, पल्लू पुत्र लेखराज और शनि पुत्र शिवनाथ ने पानी के निकास को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया गया। इस घटना में 17 वर्षीय शिक्षा और 13 वर्षीय प्रतीक्षा, पुत्री नौरंग सिंह, घायल हो गईं।
मारपीट की घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल दोनों किशोरियों को सीएचसी अलीगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। नाली के पानी के निकास को लेकर विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।






















