कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के जानीपुर गांव में खेत में बने मकान को शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश मकान की पिछली दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और करीब तीन लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। रविवार सुबह दीवार में नकब लगा मिलने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित जय सिंह राजपूत (42) पुत्र तोताराम, निवासी जानीपुर ने बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे उनकी नींद खुली। मकान के अंदर से दरवाजा बंद था। इसके बाद उन्होंने पीछे की ओर जाकर देखा तो दीवार कटी हुई थी और उसमें नकब लगा था। इसके बाद घर में रखी नकदी और जेवरात की जांच की गई तो चोरी का पता चला।
फसल बेचकर जुटाई थी तीन लाख की रकम
पीड़ित के अनुसार, चोर घर में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद ले गए। यह रकम मक्का, मूंगफली और आलू बेचकर जुटाई गई थी। इसके अलावा चोर एक सोने की लर, एक पायल, कंधनी और चार जोड़ी तोड़िए भी ले गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे दी।
पिछली दीवार काटकर मकान में दाखिल हुए बदमाश
बताया गया कि पीड़ित का मकान खेत में बना हुआ है। चोरों ने मकान की पिछली तरफ की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। खेत में बने मकान में चोरी की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
मामले में हल्का प्रभारी हेमराज गौतम ने बताया कि मकान की पिछली दीवार काटकर नकब लगाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से वारदात से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी मदद से पुलिस चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, अभी पीड़ित की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Report: दिलीप सिंह, अलीगंज, एटा






