अलीगंज, एटा: कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के मितौलिया गांव में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात चोरों ने एक मकान की दीवार काटकर घर में प्रवेश किया और लाखों रुपये की चोरी कर फरार हो गए। चोर घर में रखी करीब 1.20 लाख रुपये की नकदी के साथ दोनों भाइयों की पत्नियों के जेवरात भी ले गए। मंगलवार सुबह जब परिवार की नींद खुली और चोरी का पता चला तो घर में हड़कंप मच गया।
मितौलिया निवासी राहुल पुत्र रणवीर शाक्य के मुताबिक, चोर देर रात मकान की दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर में रखी नकदी और आभूषणों को खंगाला। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोर दोनों भाइयों की पत्नियों के जेवरात भी चोरी कर ले गए, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सुबह घर की हालत देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए।
चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड ने आसपास के इलाके में सुराग तलाशने की कोशिश की। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस अब चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने भी जांच की है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।





