श्रावण मास के पावन अवसर पर रविवार को तहसील क्षेत्र के विकासखंड अवागढ़ में कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई। आसमान से फूलों की बारिश होते देख कांवड़ियों और शिवभक्तों में खासा उत्साह नजर आया। लालपुर सिकरारी गांव की श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्यप्रताप सिंह ‘सूरज भैया’ के संयोजकत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत हाथरस स्थित पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। हेलीकॉप्टर सिकंदराराऊ क्षेत्र के अगसौली गांव से होते हुए एटा-टूंडला मार्ग से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों के ऊपर पहुंचा और पुष्प वर्षा की गई।
इसके बाद तहसील क्षेत्र के लालपुर प्लांट पर हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराई गई। यहां से हेलीकॉप्टर में दोबारा फूल भरकर फिरोजाबाद जनपद होते हुए आगरा शहर स्थित कामेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुआ। कामेश्वर मंदिर के ऊपर हेलीकॉप्टर ने कई चक्कर लगाए और कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान कांवड़ यात्रियों का सम्मान भी किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सूर्यप्रताप सिंह, वीरेंद्र वार्ष्णेय ‘टल्ली’ समेत अन्य शिवभक्तों ने कांवड़ यात्रियों को जलपान कराया और उनका स्वागत किया।
जगह-जगह लगाए गए निशुल्क शिविर
श्रावण मास के अवसर पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर शनिवार से जगह-जगह श्रद्धालुओं की ओर से निशुल्क जलपान और सेवा शिविर लगाए गए हैं। जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर पटना पक्षी विहार के निकट सरसेला में महाकाल कांवड़ सेवा समिति पिलखतरा की ओर से दो दिवसीय निशुल्क जलपान एवं उपचार शिविर लगाया गया। शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए जलपान, पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। इसमें पिलखतरा गांव और जलेसर क्षेत्र के शिवभक्तों ने सहयोग किया।
रिपोर्ट- प्रवेंद्र शर्मा






